नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में महंगाई का झटका: कमर्शियल गैस सिलेंडर 195.50 रुपये महंगा

नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए महंगाई का बड़ा झटका लेकर आई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 अप्रैल से गैस सिलेंडर के नए दाम लागू कर दिए हैं, जिसमें 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है।

ताजा अपडेट के अनुसार, कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 195.50 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे देशभर में होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नई कीमतों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किग्रा. कमर्शियल सिलेंडर अब 2,078.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1,884.50 रुपये था। कोलकाता में इसकी कीमत 2,208 रुपये, चेन्नई में 2,246.50 रुपये और मुंबई में 2,031 रुपये हो गई है। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में भी 51 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक तनाव—खासतौर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष—का असर अब घरेलू बाजार पर साफ नजर आने लगा है।

गौरतलब है कि इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये पहुंच गई थी। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भी मार्च की शुरुआत में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *