नक्सल मुक्त भारत की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़: भाजयुमो ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

नक्सल हिंसा से वर्षों तक प्रभावित रहे बस्तर अंचल में अब शांति और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। इसी बदलाव के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने दंतेवाड़ा और सूरजपुर में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन कर नक्सल मुठभेड़ों में शहीद हुए वीर जवानों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दंतेवाड़ा के जय स्तंभ चौक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर शहीदों को नमन किया और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष राहुल असरानी ने कहा कि देश अब नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक मोड़ पर है, जहां सुरक्षाबलों के बलिदान और सरकार की सख्त नीतियों का परिणाम दिख रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित रणनीति से नक्सल गतिविधियों में लगातार कमी आई है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया है।

सूरजपुर में भी विवेकानंद चौक पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि एवं दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया। जिलाध्यक्ष देव गुप्ता ने बताया कि 1 दिसंबर 2023 से 28 मार्च 2026 तक सुरक्षाबलों ने 535 नक्सलियों को मार गिराया, 2898 ने आत्मसमर्पण किया और 2038 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 1501 माइंस और 1350 आधुनिक हथियार बरामद कर कई बड़ी साजिशों को विफल किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारकों पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र सेवा और प्रदेश की अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि नक्सल मुक्त भारत के संकल्प को भी मजबूत करता नजर आया।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *