क्या फिर देश में लगने वाला है लॉकडाउन? सरकार की तरफ से आ गई बड़ी सफाई

नई दिल्ली: देशभर में एक बार फिर लॉकडाउन लगाए जाने की चर्चाओं पर केंद्र सरकार ने स्पष्ट रूप से विराम लगा दिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इन खबरों को पूरी तरह गलत और निराधार बताते हुए कहा है कि सरकार के पास फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि देश में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने बताया कि वैश्विक परिस्थितियां जरूर अस्थिर हैं, लेकिन सरकार ऊर्जा, ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर पूरी तरह सतर्क और तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी जरूरी व्यवस्थाओं की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।

दरअसल, हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसी बीच एलपीजी (LPG) को लेकर सरकार द्वारा “चिंताजनक स्थिति” शब्द के इस्तेमाल को कुछ लोगों ने गलत तरीके से समझ लिया, जिससे सोशल मीडिया पर लॉकडाउन की अफवाहें तेजी से फैलने लगीं।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री द्वारा संसद में “तैयारी” शब्द के इस्तेमाल को भी गलत संदर्भ में लिया गया और इसे 2020 के कोविड-19 लॉकडाउन से जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि यह तैयारी केवल प्रशासनिक स्तर पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए है, न कि जनता पर किसी प्रकार की पाबंदी लगाने के लिए।

हरदीप सिंह पुरी ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने से बचें। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में शांति और जिम्मेदारी बनाए रखना बेहद जरूरी है। सरकार ने यह भी कहा है कि नागरिक केवल प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) और आधिकारिक सरकारी स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।

सरकार ने भरोसा दिलाया है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद देश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और आर्थिक स्थिति को स्थिर बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *