खल्लारी मंदिर रोपवे हादसा: केबल टूटने से 1 महिला की मौत, 16 घायल

महासमुंद में बड़ा हादसा, 8 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर, रोपवे सील कर जांच के आदेश

महासमुंद जिले के प्रसिद्ध मां खल्लारी मंदिर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। रोपवे की ट्रॉली का केबल अचानक टूटने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए।


जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 11:15 बजे एक ट्रॉली में 8 श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौट रहे थे, जबकि दूसरी ट्रॉली में 5 लोग मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से आ रही ट्रॉली का केबल टूट गया और ट्रॉली ऊंचाई से गिर गई। दूसरी ट्रॉली भी झटके से जंक्शन से टकरा गई।

हादसे में रायपुर निवासी 28 वर्षीय आयुषी साहू की मौत हो गई। घायलों में 3 साल के बच्चे से लेकर 65 साल तक के बुजुर्ग शामिल हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां से 8 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण कर रोपवे को सील कर दिया है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक केबल टूटने की तेज आवाज आई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।

जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट के बाद ही होगा।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *