घरेलू गैस की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: होटल-ढाबों में हो रहा था अवैध उपयोग, 68 सिलेंडर जब्त

जांजगीर चांपा जिले में घरेलू गैस की कमी के बीच खाद्य विभाग ने अवैध उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल और ढाबा संचालकों पर शिकंजा कसा है। कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग का खुलासा किया।

अकलतरा ब्लॉक के अमरताल गांव स्थित श्री आनंदम रिजॉर्ट के ‘मिस्टर वेज रेस्टोरेंट’ में दबिश देकर 28 व्यवसायिक और 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं तिलई गांव के रोड़ा ढाबा में भी घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते हुए पकड़ा गया, जहां से 3 घरेलू सिलेंडर और दो तीन-बर्नर चूल्हे जब्त किए गए। इसके अलावा जिला मुख्यालय में कृष्णा डेयरी एंड डेली नीड्स से भी 1 घरेलू सिलेंडर और बर्नर बरामद किया गया।

खाद्य विभाग ने इन सभी मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू के अनुसार, अब तक 18 संस्थानों से कुल 68 गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई इसलिए तेज की गई है ताकि आम उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति में कोई परेशानी न हो और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *