अंबिकापुर में ACB का डर दिखाकर बाबू ने वसूले 1 लाख, एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की धमकी देकर एक सरकारी बाबू ने रिश्वत की मांग की और आखिरकार खुद ACB के जाल में फंस गया।

जानकारी के मुताबिक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक अखिलेश सोनी से दरिमा तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल गुप्ता ने 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपी ने पीड़ित को यह कहकर डराया कि उसके खिलाफ ACB में शिकायत दर्ज है और कभी भी कार्रवाई हो सकती है।

जब अखिलेश सोनी ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी 1 लाख रुपये में मान गया। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि उसने पहले भी कई अधिकारियों को ACB कार्रवाई से बचाया है और उसका भतीजा ACB में कार्यरत है, जिससे वह मामले को “सेटल” करा सकता है।

इस पूरे मामले से घबराए पीड़ित ने अंबिकापुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB टीम ने जाल बिछाया और घड़ी चौक स्थित जिला लाइब्रेरी के सामने आरोपी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ACB अधिकारियों के अनुसार, 12 मार्च को आरोपी ने पहली बार पीड़ित से संपर्क कर दबाव बनाया था। जांच के बाद ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें आरोपी अनिल गुप्ता को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

फिलहाल ACB इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने पहले भी इस तरह की वसूली की है या नहीं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *