बालोद में बैंक मैनेजर के घर बड़ी चोरी: बिजली का तार काटकर घुसे चोर, जेवरात और कैश ले उड़े

बालोद जिले के गुरुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना ब्लॉक मुख्यालय गुरुर के जोगिया तालाब के पास की बताई जा रही है। खास बात यह रही कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बिजली मीटर का कनेक्शन काट दिया, ताकि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कोई फुटेज रिकॉर्ड न हो सके और पुलिस को सुराग मिलने में मुश्किल हो।

पीड़ित उत्तरा पटेल, जो शेयर माइक्रो फाइनेंस बैंक गुरुर में मैनेजर हैं, ने पुलिस को बताया कि वह 5 मार्च को अपनी पत्नी निर्मला पटेल के साथ बिलासपुर स्थित अपने गृह निवास नवापारा गया हुआ था। 11 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे मकान मालकिन पिंकी रानी चंद्राकर ने फोन पर घर का दरवाजा टूटा होने की जानकारी दी और चोरी की आशंका जताई। सूचना मिलने के बाद बैंक मैनेजर अपनी पत्नी के साथ गुरुर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा और अंदर के कमरे का दरवाजा टूटा हुआ था।

घर के अंदर जाकर जांच करने पर आलमारी का हैंडल लॉक टूटा मिला। आलमारी में रखे 3 तोला सोने का हार, 25 तोला चांदी की पायल, 3 सोने के लॉकेट और कुछ नकदी गायब थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी 5 मार्च से 11 मार्च के बीच हुई है। पीड़ित की शिकायत पर बालोद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *