उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मुठभेड़ में पाकिस्तानी आतंकवादी ढेर

जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मार गिराया गया। फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा बल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

सेना के मुताबिक, उरी सेक्टर के बुछार इलाके में घुसपैठ की कोशिश की खुफिया सूचना जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर 14-15 मार्च की दरमियानी रात संयुक्त अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान जवानों ने झाड़ियों में संदिग्ध हलचल देखी, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी और सख्त कर दी गई।

सुरक्षा बलों ने संदिग्ध आतंकी को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा, लेकिन जवाब में उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। सेना ने बताया कि घटनास्थल से एके राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित युद्धक सामग्री बरामद की गई है।

चिनार कोर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन अभी भी जारी है और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इलाके में कोई और घुसपैठिया मौजूद न हो। इस कार्रवाई को सेना की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि समय रहते घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया गया।

सीमा पार से लगातार घुसपैठ की कोशिशों के बीच उरी सेक्टर में हुई यह कार्रवाई एक बार फिर सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित जवाबी क्षमता को दिखाती है। सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *