दुर्ग रेलवे स्टेशन पार्किंग में भाजपा नेता से मारपीट, पत्थर लगने से मासूम बच्ची घायल

दुर्ग रेलवे स्टेशन की पार्किंग में भाजपा नेता के साथ मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भिलाई निवासी भाजपा नेता और वृंदानगर शासकीय स्कूल के शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शंभु प्रसाद कुशवाहा अपनी बेटी और दामाद को लेने रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनकी बेटी और दामाद जम्मूतवी एक्सप्रेस से जबलपुर से दुर्ग पहुंचे थे। दोनों को कार में बैठाकर जब वे स्टेशन से बाहर निकलने लगे, तभी पार्किंग कर्मचारियों ने उनसे पार्किंग शुल्क की मांग की।

शंभु कुशवाहा का कहना है कि वे पार्किंग में वाहन खड़ा कर नहीं रुके थे, बल्कि केवल यात्री को लेने आए थे और तुरंत बाहर निकल रहे थे, इसलिए शुल्क नहीं बनता। इसी बात को लेकर पार्किंग कर्मचारियों और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद 4 से 5 लोगों में से किसी ने उनकी कार पर पीछे से पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से कार का पिछला कांच टूट गया। कांच के टुकड़े कार में बैठी उनकी मासूम नातिन को लगे, जिससे उसके नाक से खून निकलने लगा। बच्ची के घायल होने से परिवार घबरा गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित के अनुसार, जब वे कार से नीचे उतरे तो मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उनके दामाद के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इतना ही नहीं, एक व्यक्ति ने बेल्ट निकालकर हमला करने की भी कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

घटना के बाद शंभु प्रसाद कुशवाहा ने दुर्ग जीआरपी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह देखना होगा कि जांच के बाद आरोपियों पर क्या कार्रवाई की जाती है और रेलवे स्टेशन पार्किंग व्यवस्था को लेकर क्या सख्ती बरती जाती है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *