असम में BJP गठबंधन को झटका: AGP के वरिष्ठ नेता जयंत खाउंड कांग्रेस में शामिल, राहुल गांधी से प्रेरित होकर थामा हाथ

असम की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को उस समय झटका लगा, जब असम गण परिषद (AGP) के वरिष्ठ नेता जयंत खाउंड कांग्रेस में शामिल हो गए। नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आधिकारिक तौर पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर असम कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह अलवर, पार्टी के वरिष्ठ पर्यवेक्षक और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने जयंत खाउंड का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में आने से असम में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।

जितेंद्र सिंह अलवर ने कहा कि जयंत खाउंड ने एक युवा नेता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और असम की संस्कृति तथा समाज के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से राज्य में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार आई है, तब से क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भी जयंत खाउंड के कांग्रेस में शामिल होने को अहम बताया। उन्होंने कहा कि जयंत खाउंड असम की जनता के बीच लोकप्रिय नेता हैं और उनके जुड़ने से पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ा फायदा मिलेगा। गोगोई ने दावा किया कि राज्य की जनता मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की कार्यशैली से नाराज है और लोग बदलाव चाहते हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद जयंत खाउंड ने कहा कि वे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और गौरव गोगोई के काम से प्रेरित होकर कांग्रेस में आए हैं। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के साथ मिलकर जनता के कल्याण के लिए काम करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि असम में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव आयोग जल्द ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त होने वाला है। भाजपा जहां राज्य में दोबारा सत्ता में लौटने का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस मौजूदा सरकार को हटाने के लिए चुनाव मैदान में मजबूती से उतरने की तैयारी में है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *