कुम्हारी फ्लाईओवर 18 मार्च तक बंद: दुर्ग से रायपुर जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट, नीचे से गुजरना होगा ट्रैफिक

दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में नेशनल हाईवे 53 पर स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर ब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग आज से 18 मार्च तक बंद रहेगा। इस दौरान सभी वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से होकर गुजरना होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फ्लाईओवर के नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान कुछ तकनीकी खामियां सामने आई थीं। इन्हीं खामियों को दूर करने के लिए प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मरम्मत कार्य शुरू किया गया है, जिसके चलते फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन किया गया है। मौके पर यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ ही सड़क पर बैरिकेडिंग और संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालकों को पहले से ही रास्ते की जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गौरतलब है कि नेशनल हाईवे 53 पर कुम्हारी, डबरापारा, पावर हाउस और सुपेला में कुल चार फ्लाईओवर बनाए गए हैं, जिनके निर्माण पर करीब 280 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। कुम्हारी फ्लाईओवर का निर्माण नवंबर 2021 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन बार-बार तकनीकी समस्याएं सामने आने के कारण इसे 2023-24 में जाकर यातायात के लिए शुरू किया गया।

हालांकि शुरू होने के बाद भी इस फ्लाईओवर में कई बार तकनीकी दिक्कतें सामने आ चुकी हैं और पहले भी कई बार मेंटेनेंस का काम किया जा चुका है। अब एक बार फिर मरम्मत कार्य के चलते फ्लाईओवर को 9 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *