T20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनी टीम इंडिया: छत्तीसगढ़ के नेताओं ने दी बधाई, कहा– 140 करोड़ देशवासियों को किया गौरवान्वित

रायपुर: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इतिहास रचते हुए न्यूजीलैंड को हराकर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ ही भारत तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर में जश्न का माहौल है और देश-विदेश से बधाइयों का सिलसिला जारी है।

छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख राजनेताओं ने भी टीम इंडिया की इस शानदार जीत पर खुशी जाहिर करते हुए भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

सीएम विष्णु देव साय ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी शानदार जीत से 140 करोड़ देशवासियों को खुशियों से भर दिया है। उन्होंने लिखा कि फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा और पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया।
सीएम ने कहा कि भारत का तीसरी बार यह खिताब जीतना पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है और भारतीय टीम ने एक बार फिर तिरंगे को विश्व मंच पर ऊंचा लहराया है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सराहा टीम का जज़्बा

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया ने विश्व कप जीतकर पूरे देश को गौरवान्वित किया है और सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि 2007 और 2024 के बाद अब 2026 में एक बार फिर टी20 विश्व कप जीतना भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह जीत टीम की मेहनत, अनुशासन और अदम्य जज़्बे का प्रतीक है।

कैबिनेट मंत्री तोखन साहू ने भी जताई खुशी

कैबिनेट मंत्री तोखन साहू ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि टी20 क्रिकेट में तीसरी बार विश्व विजेता बनना देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शानदार बल्लेबाजी, बेहतरीन गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग की बदौलत भारतीय टीम ने यह ऐतिहासिक जीत हासिल की है।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी दी बधाई

पीसीसी चीफ दीपक बैज समेत कई अन्य नेताओं ने भी टीम इंडिया की जीत पर खुशी जताई और कहा कि यह जीत भारतीय क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया मैदान में लगातार अपने विरोधियों को धूल चटाती रहेगी।

टीम इंडिया की इस जीत से पूरे देश में जश्न का माहौल है और क्रिकेट प्रेमी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव मना रहे हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *