सूरजपुर के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप — फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

सूरजपुर: जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआपारा इलाके में शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग एक मकान के पीछे बने गोदाम में लगी, जहां बड़ी मात्रा में मोटर पार्ट्स और कबाड़ का सामान रखा हुआ था। आग लगते ही आसपास के रिहायशी इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।

मिली जानकारी के अनुसार, महुआपारा के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित इस गोदाम में कबाड़ और मोटर पार्ट्स का भंडारण किया गया था। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और गोदाम से उठती लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के घरों तक आग फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कबाड़ और मोटर पार्ट्स रखे होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *