बलौदाबाजार तहसील दफ्तर में भीषण आग, समय रहते सुरक्षित निकाले गए राजस्व रिकॉर्ड

बलौदाबाजार-भाटापारा: बलौदाबाजार तहसील कार्यालय की पुरानी इमारत में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग को सूचित किया गया। यह घटना तहसील कार्यालय के उस हिस्से में हुई जो डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग के आसपास स्थित है। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों ने सबसे पहले भवन के अंदर रखे महत्वपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड और सरकारी दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी संख्या में फाइलों और दस्तावेजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जिससे संभावित बड़ा नुकसान टल गया।

आग की सूचना मिलते ही शासकीय दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों, खासकर सीमेंट संयंत्रों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। कई दमकल गाड़ियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। लंबे प्रयास के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को घेरकर आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई थी।

बताया जा रहा है कि तहसील कार्यालय की यह इमारत शहर की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक इमारतों में से एक है। आग की वजह से भवन के कुछ हिस्सों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा है, हालांकि नुकसान का पूरा आंकलन अभी नहीं किया जा सका है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार तहसील का सबसे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और सभी जरूरी दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए गए हैं। इससे राजस्व संबंधी कार्यों पर किसी बड़े असर की आशंका नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं और जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *