हिंद महासागर में ईरानी युद्धपोत डूबा: MILAN 2026 में शामिल फ्रिगेट IRIS Dena को अमेरिकी सबमरीन ने टॉरपीडो से निशाना बनाया

हैदराबाद: हिंद महासागर में तनाव बढ़ाने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरानी नौसेना का युद्धपोत फ्रिगेट IRIS Dena डूब गया। दावा किया जा रहा है कि इस युद्धपोत को एक अमेरिकी सबमरीन ने टॉरपीडो हमले से निशाना बनाया। यह घटना उस समय हुई जब जहाज पूर्वी भारतीय बंदरगाह से ईरान लौट रहा था।

बताया जा रहा है कि यह युद्धपोत कुछ दिन पहले ही भारत के विशाखापत्तनम बंदरगाह पर आयोजित बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास MILAN 2026 में शामिल हुआ था। इस अभ्यास में दुनिया के कई देशों की नौसेनाओं ने भाग लिया था। भारतीय नौसेना ने ईरानी युद्धपोत और उसके क्रू का औपचारिक स्वागत भी किया था।

रिपोर्ट्स के अनुसार जहाज जब बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ते हुए हिंद महासागर की ओर जा रहा था, उसी दौरान उस पर हमला हुआ। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में कहा कि एक अमेरिकी सबमरीन ने टॉरपीडो से ईरानी युद्धपोत को निशाना बनाया। उन्होंने इसे “शांत मौत” करार दिया।

बताया जा रहा है कि यह हमला खाड़ी क्षेत्र से सैकड़ों मील दूर हुआ। इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना से भारत के समुद्री क्षेत्र के आसपास भी भू-राजनीतिक तनाव का असर दिखाई दे सकता है, क्योंकि यह जहाज कुछ समय पहले भारत के बंदरगाह पर मेहमान के रूप में मौजूद था।

फिलहाल इस घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं और हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े हो रहे हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *