होली से पहले धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन: 39 गुंडा बदमाश जेल भेजे, 100 से अधिक पर कार्रवाई

धमतरी: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। त्योहार के मद्देनजर जिलेभर में गुंडा, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों, शांति भंग की आशंका और समझाइश के बावजूद सुधार नहीं होने पर 39 उपद्रवियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इससे पहले धमतरी जिले के 35 आदतन गुंडा और निगरानी बदमाशों की पुलिस लाइन में परेड करवाई गई थी। इस दौरान उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की शपथ भी दिलाई गई।

धमतरी के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि होली के मद्देनजर करीब 100 गुंडा और निगरानी बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें से 50 से अधिक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही चाकूबाजों की अलग से सूची तैयार की गई है।

पुलिस द्वारा हुड़दंग, स्टंटबाजी, तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति गुंडागर्दी, जबरन रंग लगाने, मारपीट, शराब पीकर उत्पात मचाने या शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि यह कार्रवाई सिर्फ होली तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि त्योहार के बाद भी असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *