कवर्धा में ‘छल्ला गैंग’ का पर्दाफाश: कुकदुर के सुनसान इलाकों में राहगीरों से लूट, 6 आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरा गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कुकदुर क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

सुनसान रास्तों पर राहगीरों को बनाते थे निशाना

कुकदुर थाना क्षेत्र में पिछले कई महीनों से राहगीरों, फेरी वालों और बाहर से आने-जाने वाले व्यापारियों के साथ लूट और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी सुनसान और अंधेरे रास्तों पर लोगों को रोककर उनके साथ मारपीट करते और नकदी व कीमती सामान लूट लेते थे।

गिरोह के सदस्यों ने अपने गैंग का नाम “छल्ला” रखा हुआ था और संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे थे। कई मामलों में आरोपियों ने राहगीरों के हाथ-पैर तक तोड़ दिए थे, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल था।

पुलिस की घेराबंदी में दबोचे गए आरोपी

मामले की शिकायत मिलने के बाद कवर्धा पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। लगातार निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है।

एसपी धर्मेंद्र सिंह का बयान

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कुकदुर आंशिक रूप से दूरस्थ क्षेत्र है। इसका फायदा उठाकर आरोपी वारदातों को अंजाम देते थे। बाहर से आने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी देकर लूटपाट की जाती थी।

बरामद हुआ कैश, बाइक और हथियार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, लूट की वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों को लेकर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *