गणतंत्र दिवस 2026: रायपुर से बस्तर तक शान से लहराया तिरंगा, पूरे छत्तीसगढ़ में दिखा देशभक्ति का उत्साह

रायपुर। देश आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गर्व के साथ मना रहा है। छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर अंचल तक गणतंत्र दिवस समारोह की भव्य धूम देखने को मिली। हर जिले में राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराया और देशभक्ति का माहौल बना रहा। सबसे ज्यादा उत्साह स्कूली बच्चों में नजर आया, जो रंग-बिरंगे परिधानों में तिरंगा लहराते हुए समारोह स्थलों पर पहुंचे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला गणतंत्र दिवस है, ऐसे में देश की सुरक्षा और सैन्य सफलता को लेकर लोगों में विशेष जोश देखा गया। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। नक्सल प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई और चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात रहे।

राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्यपाल रमेन डेका ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने और विकास के सभी वादों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। वहीं बस्तर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री का संदेश जनता तक पहुंचाया।

जिला जीपीएम में पर्यटन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने गुरुकुल परिसर में झंडा फहराया। जशपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दंतेवाड़ा में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वजारोहण किया।

बालोद में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कवर्धा में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और अंबिकापुर में डिप्टी सीएम सह गृहमंत्री विजय शर्मा ने तिरंगा फहराया।

पूरे प्रदेश में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोहों में स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, परेड और देशभक्ति गीतों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *