भिलाई पुलिस का ऑनलाइन जुआ-सट्टा गिरोह पर शिकंजा, 7 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई शहर में मोबाइल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रहे ऑनलाइन जुआ और सट्टा गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भिलाई नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जूस कॉर्नर के पास मोबाइल फोन के जरिए सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद भिलाई नगर थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां से संदिग्ध नरेश देवांगन को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और 3,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर चिण्टू कुमार को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5,000 रुपये नकद जब्त किए गए। इस कार्रवाई में कुल 8,000 रुपये कैश और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

इसी क्रम में सेक्टर-6 सी मार्केट क्षेत्र में जुआ और सट्टा खिलाने की सूचना पर पुलिस की एक अन्य टीम ने दबिश दी। यहां से कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलु, भीष्म कुमार देवांगन, दीपक कुमार, गिरधर रेड्डी और संजय सेनापति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 15,000 रुपये नकद और सट्टा नंबरों से संबंधित लिखित रिकॉर्ड बरामद किया गया है।

पुलिस ने सभी 7 आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 41/2026 और 42/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के अंतर्गत कार्रवाई की है। जब्त सामग्री में मोबाइल फोन, नकद राशि और सट्टे से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि मोबाइल, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से जुआ-सट्टा खिलाने वालों पर पुलिस की लगातार नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *