साजा विधानसभा क्षेत्र की 5 नगर पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रूपए देने की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बेमेतरा जिले के विकासखण्ड मुख्यालय साजा मे आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 76वां वार्षिक राज अधिवेशन धमधा राज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र साजा की नगर पंचायत-साजा, देवकर, परपोड़ी, थानखम्हरिया एवं धमधा में अधोसंरचना विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपये दिए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल साजा के लिए दो करोड़ रुपये तथा साजा में बनने वाले 50 बिस्तर मातृ शिशु अस्पताल (एमसीएच) का नामकरण स्व. (श्रीमती) बिंदेश्वरी देवी बघेल के नाम पर करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कुर्मी समाज के 76वें वार्षिक राज अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पुरखों ने छत्तीसगढ़ राज्य की कल्पना की थी। हमारी सरकार आने से छत्तीसगढ़िया राज महसूस हो रहा है। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीजा-पोरा, छेरछेरा, भक्त माता कर्मा जयंती, विश्व आदिवासी दिवस पर शासकीय अवकाश घोषित किया गया। अरपा पैरी के धार को राज गीत घोषित किया गया है। प्रदेश सरकार किसानों की दशा बदलने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किश्त की राशि 31 मार्च 2022 को किसानों के बैंक खाते मे अंतरित कर दी जायेगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की शुरुआत कर सालाना 6 हजार रुपये सहायता राशि दी जा रही है। अब नये बजट में सालाना 7 हजार रुपये करने की घोषणा कर दी गई है। कोदो-कुटकी रागी को समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की गई है। गांव के गौठान को महात्मा गांधी की परिकल्पना के अनुरुप रुरल इंडस्ट्रियल पार्क के रुप में विकसित किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में एक नया प्रयोग किया गया है और राज्य में 172 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गये है। इससे गरीब परिवार के बच्चों को भी अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क शिक्षा हासिल करने का अवसर सुलभ हुआ है। डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य बीमा योजनांतर्गत 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।


मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान युवक-युवतियों को सम्मानित किया। पुरानी पेंशन योजना की बहाली पर साजा एवं बेरला के शासकीय कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कुर्मी समाज की ओर से गजमाला से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया।


कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, मजदूरों, समाज के कमजोर वर्गों के भलाई के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण के पहले दिन की किसानों का 10 हजार करोड़ रुपये का कर्जा माफ किया। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से इस साल किसानों के खाते में 20 हजार करोड़ रुपया अंतरित हुआ। कृषि मंत्री ने मनवा कुर्मी समाज के पुरोधा स्व. चंदूलाल चंद्राकर, स्व. वासुदेव चंद्राकर, स्व. पु़रुषोत्तम कौशिक के समाज के उत्थान की दिशा में उनके कार्यों का स्मरण किया।


रविन्द्र चौबे ने साजा के स्व. लतेल राम वर्मा का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी उंगली पकड़कर मैने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। कृषि मंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश का सबसे समृद्ध खुशहाल और उन्नत राज्य बनेगा। इस दिशा में मुख्यमंत्री निरंतर कार्य कर रहे हैं। समारोह में मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष चोवाराम वर्मा, धमधा राज प्रधान चंद्रशेखर परगनिया, समाज के संरक्षक रामकुमार सिरमौर, नगर पंचायत अध्यक्ष साजा श्रीमती शालिनी जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *