जशपुर में गांजा तस्करों की कार ने देवी प्रतिमा विसर्जन को जा रहे लोगों को रौंदा... वीडियो

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने दुर्गा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं को रौंद दिया। इससे 20 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, वहां चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर पीटा और गाड़ी को फूंक दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। कार में बड़ी मात्रा में गांजा भरा हुआ था। मध्य प्रदेश नंबर की यह कार ओडिशा से आ रही थी।

नवदुर्गा के समापन पर शुक्रवार को पत्थलगांव में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। पत्थलगांव के एसडीओपी अलीम खान के अनुसार दोपहर करीब एक बजे जसपुर रोड पर जनपद कार्यालय के पास दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए श्रद्धालु जुलूस के रूप में जा रहे थे। इसी बीच ओडिसा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार श्रद्धालुओं की भीड़ को रौंदते हुए चली जाती है। इस घटना में करीब 20 लोग घायल हो गए। सभी को पत्थलगांव के अस्पताल में ले जाया गया, यहां चार की मौत हो गई। जबकि 16 लोगों का इलाज जारी है।
 

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर को सड़क पर अड़ाकर कार को रोका। भीड़ ने चालक को जमकर पीटा और कार को आग के हवाले कर दिया। कार में बड़ी मात्रा में गांजा पाया गया है। माना जा रहा है कि कार चालक गांजे की तस्करी कर रहा था और पकड़े जाने के डर से बेतहाशा भाग रहा था। हादसे के बाद पुलिस के अफसर मौके पर पहुंच गए हैं।
(TNS)


Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *