अम्बरीश कुमार राय,
अंबिकापुर-- छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण खराब हुए मौसम का मिजाज तो सुधर गया लेकिन ठंड ने पलटवार कर लोगों को कंपकंपा दिया है। सीजन का सबसे ठंडा दिन शुक्रवार रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 डिग्री से ऊपर नहीं गया। चौबीस घंटे के भीतर चार डिग्री की गिरावट के बाद न्यूनतम तापमान सात डिग्री के करीब पहुंच गया है। शीतलहर चलने से दिन में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली है। घर, दफ्तर सभी जगह लोग ठंड से बचने दिन भर धूप सेकते रहे तथा अलाव जलाते रहे। पिछले तीन दिनों से उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग इलाके में पश्चिमी विक्षोभ का असर था। इसके चलते कई स्थानों पर बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार तक राहत मिलने की संभावना जताई थी।
सुबह से धूप तो निकली लेकिन शीतलहर चलने से लोग कंपकंपा उठे। शहर का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को जहां न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री था उसमें 24 घंटे के दौरान चार डिग्री की तगड़ी गिरावट से लोग ठंड से बेहाल है। आने वाले 48 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
Your email address will not be published. Required fields are marked *